दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बाराखंबा रोड पर हुई सशस्त्र लूट की कोशिश में शामिल 23 महीने से फरार चल रहे आरोपी राजीव सिंह राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कुख्यात नरेंद्र उर्फ छोटू गिरोह का सक्रिय सदस्य है।
पुलिस ने बताया कि जून 2023 में तीन हथियारबंद बदमाशों ने एक मनी एक्सचेंजर से बंदूक की नोक पर लूट की कोशिश की थी। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार था और कोर्ट ने उसे घोषित अपराधी करार दिया था। गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपी को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया गया।
राजीव पहले आगरा में 250 किलो चांदी की डकैती में भी शामिल रह चुका है और 14 महीने जेल में बिता चुका है। जेल से बाहर आने के बाद वह फिर से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।