दिल्ली में ट्रैफिक जाम और जलभराव से निपटने के लिए बहु-एजेंसी बैठक, ट्रैफिक पुलिस ने बनाई संयुक्त रणनीति

नई दिल्ली, 15 जुलाई। राजधानी में ट्रैफिक जाम, जलभराव और मानसून के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विभिन्न विभागों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की। यह बैठक पुलिस मुख्यालय (PHQ) स्थित विमर्श कॉन्फ्रेंस हॉल में विशेष पुलिस आयुक्त (यातायात) मनीष अग्रवाल, आईपीएस की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

बैठक में संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) संजय त्यागी, आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) दिनेश गुप्ता, आईपीएस, डीसीपी ट्रैफिक (मुख्यालय-II एवं आरएससी) एस.के. सिंह सहित दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC), परिवहन विभाग, डीटीसी, लोक निर्माण विभाग (PWD), नगर निगम (MCD), टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (TPDDL) और दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान विभिन्न एजेंसियों के समक्ष लंबित ट्रैफिक संबंधी मुद्दों, जाम वाले स्थानों पर किए गए सुधार कार्यों, मानसून की तैयारियों तथा यातायात प्रबंधन के लिए उठाए गए कदमों पर विस्तृत पावरपॉइंट प्रस्तुति दी गई। इसमें अब तक की गई कार्रवाई और प्रस्तावित परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से ट्रैफिक सुधार के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। सभी एजेंसियों ने चल रही परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, विभागों के बीच लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने तथा राजधानी में ट्रैफिक जाम, जलभराव और यातायात बाधाओं को कम करने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि राजधानी की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें जारी रहेंगी, ताकि नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *