6 साल से मुकदमे से बच रहा उद्घोषित अपराधी द्वारका पुलिस के हत्थे चढ़ा

नई दिल्ली, 13 जुलाई। द्वारका जिला पुलिस की एंटी जेल बेल एवं उद्घोषित अपराधी (Proclaimed Offenders) सेल ने लंबे समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी (पी.ओ.) को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी वर्ष 2018 में दर्ज छेड़छाड़, यौन उत्पीड़न, धमकी और महिला की गरिमा का अपमान करने से जुड़े मामले में अदालत की कार्यवाही से लगातार बच रहा था।
पुलिस के अनुसार, सुनील कुमार (35 वर्ष) को 9 अक्टूबर 2024 को द्वारका कोर्ट ने एफआईआर संख्या 649/2018, थाना डाबड़ी के मामले में उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354, 354A, 506 और 509 के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस उपायुक्त (द्वारका) कुशल पाल सिंह, आईपीएस के निर्देश पर जिले में उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एसीपी (ऑपरेशन) सुभाष मलिक की निगरानी में इंस्पेक्टर हरीश कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल राहुल यादव, हेड कांस्टेबल कुलवंत और कांस्टेबल अंकुर तोमर की टीम गठित की गई।
टीम ने तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि उद्घोषित अपराधी सुनील कुमार द्वारका सेक्टर-10 मेट्रो स्टेशन के आसपास घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जाल बिछाया और आरोपी को दबोच लिया। इसके बाद उसे विधिक प्रक्रिया पूरी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी गोयला डेयरी, छावला, दिल्ली का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है।
द्वारका पुलिस ने बताया कि जिले में उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि फरार आरोपियों को कानून के दायरे में लाकर न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *