2800 विद्यार्थियों और 120 शिक्षकों को साइबर सुरक्षा व नशा मुक्ति का संदेश, सरकारी स्कूल में पहली बार हुआ विशाल जागरूकता अभियान

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस द्वारा समाज में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से एक विशाल साइबर जागरूकता एवं नशा मुक्ति अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व एसआई राकेश वशिष्ठ, प्रभारी पुलिस पोस्ट ओखला इंडस्ट्रियल एरिया (OIA) ने किया।

कार्यक्रम में लगभग 2,800 विद्यार्थियों और 120 शिक्षकों ने भाग लिया। यह अभियान सरकारी विद्यालय में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित किया गया, जिसे विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अत्यंत सराहा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, डिजिटल सुरक्षा, ओटीपी और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

इस अभियान को सफल बनाने में एएसआई आदित्य, हेड कांस्टेबल मोहन, हेड कांस्टेबल करमवीर, कांस्टेबल धर्मेंद्र तथा कांस्टेबल विवेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें कानून का पालन करने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

दिल्ली पुलिस का यह विशेष अभियान युवाओं को जागरूक, सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *