द्वारका पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6,250 क्वार्टर अवैध शराब के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली, 14 जुलाई। दिल्ली पुलिस की द्वारका जिला पुलिस ने “नशे पर लगाम, देश को सलाम!” अभियान के तहत अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 125 पेटी (6,250 क्वार्टर) अवैध देसी व अंग्रेजी शराब तथा तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक टेंपो बरामद किया है।

द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह, आईपीएस के निर्देश पर अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) की टीम को अंतरराज्यीय शराब तस्करों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

10-11 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि को एएटीएस टीम ने गुप्त सूचना, तकनीकी निगरानी और मानव खुफिया तंत्र के आधार पर ढूल सिरस चौक, गांव बामडोली रोड, द्वारका के पास जाल बिछाया। देर रात एक संदिग्ध टेंपो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविंदर कुमार (31 वर्ष), निवासी गन्नौर, सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। वाहन की तलाशी लेने पर हरियाणा में बिक्री हेतु चिन्हित 125 पेटी शराब बरामद हुई, जिसमें लगभग 1,125 लीटर (6,250 क्वार्टर) देसी और अंग्रेजी शराब शामिल थी।

बरामद शराब में 90 पेटी फाल्कन देसी शराब (4,500 क्वार्टर), 15 पेटी रेस-7 मेट्रो आईएमएफएल (750 क्वार्टर) तथा 20 पेटी नाइट ब्लू आईएमएफएल (1,000 क्वार्टर) शामिल हैं।

इस संबंध में थाना सेक्टर-23, द्वारका में एफआईआर संख्या 181/2026 के तहत दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/38/58(डी) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त टेंपो भी जब्त कर लिया है।

इस कार्रवाई को एसीपी ऑपरेशंस सुभाष मलिक की निगरानी में एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर मनीष यादव के नेतृत्व में एचसी इंदर, एचसी प्रदीप, एचसी संदीप, एचसी मनोज एवं एचसी संदीप की टीम ने अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी आबकारी अधिनियम के एक मामले में संलिप्त रहा है। मामले की आगे जांच जारी है और इस अवैध शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *