दिल्ली क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता: हत्या के प्रयास के मामले में फरार घोषित अपराधी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 14 जुलाई। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (एनआर-1, प्रशांत विहार) ने हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रवीण उर्फ सोनू (28 वर्ष) निवासी जेजे कॉलोनी, भलस्वा डेयरी, दिल्ली के रूप में हुई है।

क्राइम ब्रांच के अनुसार आरोपी थाना जहांगीरपुरी में दर्ज एफआईआर संख्या 223/2019 के तहत हत्या के प्रयास (धारा 307/34 आईपीसी) एवं आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित था। अदालत में जमानत मिलने के बाद वह लगातार पेशी से अनुपस्थित रहा, जिसके चलते 26 अक्टूबर 2023 को रोहिणी कोर्ट ने उसे घोषित अपराधी (PO) घोषित कर दिया था। इसके बाद से वह लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था।

वर्ष 2019 की घटना

22 अप्रैल 2019 को जहांगीरपुरी इलाके में आरोपी प्रवीण उर्फ सोनू अपने साथियों कुलदीप उर्फ लंगड़ और अमित उर्फ नाटू के साथ शिकायतकर्ता सागर के घर के बाहर झगड़ा कर रहा था। शिकायतकर्ता द्वारा बीच-बचाव करने पर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी अमित उर्फ नाटू ने शिकायतकर्ता के भाई पर गोली चला दी, जो उसके कंधे में लगी। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

गुप्त सूचना पर गिरफ्तारी

डीसीपी-III क्राइम हर्ष इंदौरा, आईपीएस के निर्देशन तथा एसीपी अशोक शर्मा की निगरानी में इंस्पेक्टर पुखराज के नेतृत्व में एएसआई पवन, एसआई निरंजन सिंह, हेड कांस्टेबल मुकेश, विक्रांत, नरेंद्र और कांस्टेबल मनोज की टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर 13 जुलाई 2026 को जहांगीरपुरी इलाके में जाल बिछाकर आरोपी प्रवीण उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी का आपराधिक प्रोफाइल

पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से मथुरा (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। वह दूसरी कक्षा तक पढ़ा है, बेरोजगार और अविवाहित है। पुलिस के मुताबिक वह गांजा सेवन का आदी है।

क्राइम ब्रांच अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य आपराधिक संबंधों और गतिविधियों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *