नई दिल्ली, द्वारका जिले के थाना उत्तम नगर पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पांच चोरी के दोपहिया वाहन (स्कूटी एवं मोटरसाइकिल) बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामद वाहनों से जुड़े पांच वाहन चोरी के मामलों का भी खुलासा किया है।
पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह, आईपीएस के निर्देश एवं एसीपी डाबड़ी के पर्यवेक्षण में थाना उत्तम नगर की टीम लगातार वाहन चोरों और अन्य अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चला रही थी।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक वाहन चोर चोरी की स्कूटी के साथ डीडीए पार्क, 100 फुटा रोड, उत्तम नगर क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर एसएचओ उत्तम नगर के निर्देशन में एसआई जॉनी कुमार, हेड कांस्टेबल जगबीर सिंह, हेड कांस्टेबल मुनीराज, कांस्टेबल रमेश चंद और कांस्टेबल नमो नारायण की टीम ने जाल बिछाया।
संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान तरनदीप सिंह (33 वर्ष) के रूप में हुई, जो विकासपुरी, दिल्ली का निवासी है।
पांच चोरी के वाहन बरामद
गिरफ्तारी के समय आरोपी के कब्जे से बरामद स्कूटी थाना तिलक नगर में दर्ज वाहन चोरी के मामले की निकली। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चार अन्य दोपहिया वाहन चोरी करने की भी बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर कुल पांच चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए, जिनमें मोटरसाइकिल और स्कूटी दोनों शामिल हैं।
पहले भी कई मामलों में रहा शामिल
पुलिस के अनुसार आरोपी तरनदीप सिंह पहले भी चार से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि वह किसी संगठित वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं।
द्वारका पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आगे भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।