दिल्ली क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इंटरस्टेट गैंगस्टर मनोज उर्फ अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया है, जो सालों से फरार था। उसे पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच की टीम ने अनोखा तरीका अपनाया। अधिकारियों ने इंस्टाग्राम पर एक मुंबई की मॉडल का फर्जी प्रोफाइल बनाया और गैंगस्टर को जाल में फंसा लिया। महीनों की बातचीत के बाद पुलिस ने उसे दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव इलाके में बुलाया और धर दबोचा।
मनोज उर्फ अर्जुन, जो जीतेन्द्र गोगी गैंग का सदस्य है, पहले भी कई बार पैरोल पर बाहर आकर फरार हो चुका है। 2005 में नांगलोई में फिरौती के लिए हुए अपहरण और हत्या के मामले में उसे उम्रकैद हुई थी, लेकिन वह पैरोल पर छूटने के बाद फरार हो गया। इस दौरान उसने कई हत्या, लूट और कारजैकिंग की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। वह तिहाड़ जेल में मारे गए गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की हत्या में शामिल दीपक तित्तड़ का भी करीबी सहयोगी रहा है।
क्राइम ब्रांच की टीम ने उसके पास से दो अत्याधुनिक पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि वह दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में कई संगीन अपराधों में वांछित था। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य अपराधियों और हथियारों के सोर्स का पता लगाने में जुटी है।