नई दिल्ली, 14 जुलाई। पूर्वी जिला पुलिस की थाना पांडव नगर टीम ने विदेशी मुद्रा लूट के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक उर्फ किट्टू (20) और कवलजीत उर्फ गोल्डी (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई हुंडई एक्सेंट कार और लूटी गई विदेशी मुद्रा में से 1,100 यूरो बरामद किए हैं। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को नोएडा स्थित Tripsway Forex Pvt. Ltd. के प्रतिनिधि को खुद को “मिस्टर सिंह” बताने वाले व्यक्ति का फोन आया। उसने साई चौक, मधु विहार में तत्काल 5,500 यूरो की डिलीवरी मांगी। कंपनी के फील्ड एग्जीक्यूटिव हरे कृष्ण जना करीब ₹9.79 लाख मूल्य की विदेशी मुद्रा लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचे। वहां उन्हें एक कार में बैठाया गया, जहां तीन बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्च स्प्रे कर विदेशी मुद्रा से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।
घटना के बाद थाना पांडव नगर में मामला दर्ज कर इंस्पेक्टर पंकज सरोहा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि जिस पते पर डिलीवरी के लिए बुलाया गया था, वह फर्जी था और कॉल करने वाले ने भी नकली पहचान का इस्तेमाल किया था। तकनीकी विश्लेषण और लगातार फील्ड जांच के आधार पर पुलिस मेरठ पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार और 1,100 यूरो बरामद किए। दोनों आरोपियों का अब तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। फिलहाल दोनों पुलिस रिमांड पर हैं और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी व शेष विदेशी मुद्रा की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार, आईपीएस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।