नई दिल्ली, एनसीसी एलुमनी क्लब आगामी 15 जुलाई को नई दिल्ली में एनसीसी अचीवर्स अवार्ड 2026 का आयोजन करने जा रहा है। इस कार्यक्रम में एनसीसी के उन 22 पूर्व कैडेटों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में एक मुकाम हासिल किया है। इसके साथ ही दिए जाने वाले कॉलेज श्रेणी में पुरस्कारों की घोषणा करते हुए एनसीसी एलुमनी क्लब के अध्यक्ष गिरीश निशाना ने बताया कि इस वर्ष दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज (1 दिल्ली गर्ल्स बटालियन और 5 दिल्ली बटालियन) को ओवरऑल सक्रिय एनसीसी कॉलेज के पुरस्कार के लिए चुना गया है।
एसजीटीबी खालसा कॉलेज (2 दिल्ली गर्ल्स बटालियन) ने जहां सक्रिय छात्रा एनसीसी कॉलेज में बाजी मारी है तो वहीं आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज (7 दिल्ली बटालियन) को सक्रिय एनसीसी छात्र कॉलेज की श्रेणी में चयनित किया गया है। इन तीनों श्रेणियां में जूरी कमेटी ने अपनी अंतिम मोहर लगा दी है।
गौरतलब है कि एनसीसी का गठन 15 जुलाई 1948 को किया गया था और इस दिवस के मौके पर एनसीसी एलुमनी क्लब (पूर्व कैडेटों का समूह) हर वर्ष की तरह इस बार भी एनसीसी अचीवर्स अवार्ड का आयोजन करने जा रहा है। इस कार्यक्रम में एनसीसी महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहेंगे।