दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मंगोलपुरी थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित कुख्यात अपराधी अर्जुन उर्फ गंदा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी होली के दिन अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक और उसके परिवार पर हमला करने के बाद तीन महीने से फरार चल रहा था।
घटना 14 मार्च को मंगोलपुरी में उस वक्त हुई जब पीड़ित जगदीश अपने परिवार संग होली खेल रहा था। अर्जुन अपने साथियों वरुण और साहिल के साथ वहां पहुंचा और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पुरानी रंजिश के चलते साहिल ने जगदीश के पिता पर चाकू से वार किया। वारदात के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे।
आरोपी अर्जुन की गिरफ्तारी ए-ब्लॉक सुल्तानपुरी स्थित उसके घर से की गई, जहां वह अपनी मां से मिलने आया था। पूछताछ में उसने घटना में शामिल होने की बात कबूल की और बताया कि उसका साथी वरुण, पीड़ित की बहन से प्यार करता था और उसकी शादी कहीं और होने पर गुस्से में आकर बदला लिया गया।
अर्जुन पहले भी एक जुआ अधिनियम के केस में शामिल रह चुका है और गांजा की लत का शिकार है। पुलिस अब उसके फरार साथियों की तलाश में जुटी है।