नई दिल्ली, 10 जुलाई।
दिल्ली क्राइम ब्रांच की ईआर-II टीम ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी प्रिंस को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी प्रिंस पर आरोप है कि उसने साथियों के साथ मिलकर इस साल फरवरी में ज्योति नगर इलाके में एक युवक पर गोली चलाई थी। घटना के बाद से ही वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 6 फरवरी 2025 को शिकायतकर्ता चंद्रकांत अपने दोस्त के साथ रेस्टोरेंट में खाना खा रहा था। इस दौरान गौरव, ललित और संजीव नाम के तीन युवकों से उसका झगड़ा हो गया। कुछ देर बाद तीनों अपने चौथे साथी प्रिंस को लेकर वापस आए और शिकायतकर्ता को शिकायत वापस लेने की धमकी दी। इंकार करने पर सभी ने उस पर हमला कर दिया और प्रिंस ने गोली चला दी। पुलिस ने तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन प्रिंस फरार था।
एसीपी ईआर-II यशपाल सिंह के निर्देशन में इंस्पेक्टर उमेश सती की देखरेख में एसआई ब्रह्मपाल, एसआई राहुल और हेड कांस्टेबल भूपेंद्र व विकास की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर प्रिंस को कृष्णा नगर इलाके के कांति नगर से दबोच लिया। आरोपी जोहरीपुर इलाके में नाम बदलकर रह रहा था और सिलाई का काम करता था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।